दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने एयर होस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा को बरी कर दिया है। गीतिका, एक एयर होस्टेस थी जो कांडा की एमडीएलआर एयरलाइंस में कार्यरत थी,वो 5 अगस्त 2012 को उत्तर पश्चिम दिल्ली में अपने अशोक विहार आवास पर मृत पाई गई थी।
कोर्ट ने आदेश में कहा है कि अभियोजन पक्ष आरोपी गोपाल कांडा के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 और 120-बी के तहत अपराध साबित करने में विफल रहा है। अभियोजन यह भी साबित करने में असफल रहा कि मृतक गीतिका शर्मा के पास आत्महत्या करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। अदालत ने कहा मृतक गीतिका शर्मा द्वारा अन्य कारणों से आत्महत्या करने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने अपने आदेश में लिखा है कि आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ तय अपराध ट्रायल के दौरान सिद्ध नहीं किए जा सके।
दरअसल, दिल्ली के अशोक विहार स्थित अपने फ्लैट में 23 साल की गीतिका शर्मा ने 5 अगस्त, 2012 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गीतिका शर्मा ने अपने घर में लगे पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गीतिका एमडीएलआर एयरलाइंस की पूर्व डायरेक्टर थी हालांकि यह एयरलाइंस अब बंद हो चुकी है। गीतिका ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट लिखा था। जिसमें कथित तौर पर गोपाल कांडा का नाम था।
कांडा पर आरोप था कि उन्होंने एयरहोस्टेस गीतिका को आत्महत्या के लिए उकसाया। अपने सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा पर शोषण करने और गलत इरादे से इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इतना ही नहीं अपने सुसाइड नोट में गीतिका ने अपनी मौत के लिए एमडीएलआर की मैनेजर अरुणा चड्ढा को भी जिम्मेदार ठहराया था।
गीतिका शर्मा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि ‘गोपाल कांडा हमेशा लड़कियों के प्रति गलत नजर रखता है। वो हमेशा लड़कियों की ताक में रहता है। मैंने अपनी जिंदगी में उससे बेशर्म इंसान नहीं देखा। वो हमेशा झूठ बोलता है।’ गोपाल कांडा ने साल 2008 में एयरलाइन कंपनी की शुरुआत की थी। जिसका नाम उन्होंने अपने पिता के नाम पर रखा था। इसी कंपनी में उन्होंने गीतिका को नौकरी पर रखा था।
28 अगस्त, 2008 को गीतिका को सीनियर केबिन क्रू प्रमोट किया गया बाद में 31 मार्च, 2009 को उसे कोऑर्डिनेटर बना दिया गया। 22 मई, 2010 को गीतिका ने कंपनी से रिजाइन दे दिया था और दुबई जाकर एमिरेट्स एयरलाइंस में नौकरी करने लगी थी। गोपाल कांडा पर आरोप था कि गोपाल उसने गीतिका को अपनी कंपनी में काम करने के लिए मजबूर किया था। जिसके बाद गीतिका ने 2011 में फिर एमडीएलआर एयरलाइंस को ज्वाइन किया था। यह भी आरोप था कि गोपाल ने उसे इतना प्रताड़ित किया की उसने 05 अगस्त, 2012 को उसने ने सुसाइड कर लिया था। गीतिका शर्मा के आत्महत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने गोपाल कांडा के खिलाफ चार्जशीट में आईपीसी की धारा 376, 377 के तहत आरोप चार्जशीट दायर किया था। इसके अलावा गोपाल पर आईपीसी की सेक्शन 120 बी, 201, 466 ,468 और 469 के तहत भी पुलिस ने मामला दर्ज किया था।