ENGLISH

आकांक्षा दुबे आत्महत्या: गाजियाबाद कोर्ट ने आरोपी समर सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी पुलिस को सौंपा

Akanksha Dubey

भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समर सिंह को शुक्रवार को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। वाराणसी कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने समर को गिरफ्तार कर गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया। क्राइम ब्रांच ने अदालत से समर सिंह का ट्रांजिट रिमांड मांगा, जिसके बाद अदालत ने
समर सिंह को वाराणसी पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर दे दिया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस अब समर सिंह को लेकर वाराणसी रवाना हो गई है।

दरसअल समर सिंह गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी में छुपा हुआ था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए वह गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।

गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी निपुण अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि, गुरुवार को वाराणसी के सारनाथ थाने की पुलिस यहां आई थी। आकांक्षा दुबे मामले में हमसे मदद मांगी थी। शुक्रवार सुबह नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित गांव मोरटा के नजदीक सोसायटी से समर सिंह को गिरफ्तार कर नंदग्राम थाना लाया गया। मेडिकल मुआयना के बाद पुलिस ने समर को ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद अदालत ने वाराणसी क्राइम ब्रांच को ट्रांजिट रिमांड दे दिया है।

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे पिछले महीने 26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं। आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में 27 मार्च को मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से समर सिंह फ़रार चल रहा था।

Recommended For You

About the Author: Ashish Sinha

-Ashish Kumar Sinha -Editor Legally Speaking -Ram Nath Goenka awardee - 14 Years of Experience in Media - Covering Courts Since 2008

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *